IND vs PAK: वनडे में कोहली ने पूरे किए 13 हज़ार रन, सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ते हुए जड़ा 47वां शतक
virat kohli Asia Cup 2023, India vs Pakistan: एशिया कप के सुपर 4 का तीसरा मुक़ाबला भारत और पाकिस्तान के बीच खेला गया। कोलंबो के प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए इस मैच में पूर्व कप्तान विराट कोहली ने शतक लगाया है। यह उनके करियर का 47वां वनडे शतक था। इसी के साथ उन्होंने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। कोहली वनडे में सबसे तेज 13000 रन पूरे करने वाले बल्लेबाज बन गए हैं।
कोहली ने सबसे तेज 13 हज़ार रन पूरे करते हुए क्रिकेट भगवान कहे जाने वाले मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ दिया है। कोलंबो में बारिश ने मैच का मजा जरूर खराब किया लेकिन खराब मौसम भी विराट 'तूफान' के आगे हार मानता नजर आया। रिजर्व डे पर अपनी पारी को 8 रन से आगे बढ़ाते हुए किंग कोहली भारतीय पारी की आखिरी गेंद तक क्रीज पर डटे रहे और तीन सिक्स और 9 चौके के साथ 122 रन की दमदार पारी खेली।
इस दौरान विराट ने न केवल पाकिस्तानी गेंदबाजों की धुनाई की बल्कि एक बड़ा रिकॉर्ड भी अपने नाम किया। इस शानदार पारी के दौरान टीम इंडिया के इस स्टार बल्लेबाज ने वनडे क्रिकेट में अपने 13 हजार रन भी पूरे कर लिए। विराट ने इस मामले में हमवतन सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ दिया है, साथ ही इंटरनेशनल क्रिकेट में अपना 77वां शतक और वनडे में 47वां शतक जड़ा है।
वनडे में सबसे तेज़ 13 हजार रन
विराट कोहली- 267 पारी
सचिन तेंदुलकर- 321 पारी
रिकी पोंटिंग- 341 पारी
कुमार संगाकारा- 363 पारी
सनत जयसूर्या- 416 पारी
पाकिस्तान के सामने 357 रनों का लक्ष्य
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने केएल राहुल (111 रन) और विराट कोहली (122 रन) के दम पर पाकिस्तान के खिलाफ दो विकेट पर 356 रन बनाए। केएल राहुल के लिए एक शानदार कमबैक रहा जहां उन्होंने अपनी छठी सेंचुरी लगाई। इससे पहले, कल कप्तान रोहित शर्मा 56 और शुभमन गिल 58 रन बनाकर आउट हुए थे।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/unDCwJZ
Comments
Post a Comment