रहाणे की कप्तानी पारी से भारत मजबूत, ऑस्ट्रेलिया पर 82 रनों की बढ़त

मेलबर्न। विराट कोहली के जाने के बाद टीम की कप्तानी को संभालने और बल्लेबाजी में अग्रणी भूमिका निभाने का भार कार्यवाहक अजिंक्य रहाणे के कंधों पर था। आस्ट्रेलिया के साथ यहां मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (एमसीजी) पर खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच के शुरुआती दो दिन रहाणे ने अभी तक इस काम को बखूबी निभाया है। उनकी नाबाद 104 रनों की पारी ने दूसरे दिन रविवार का खेल खत्म होने तक भारत को आस्ट्रेलिया पर 82 रनों की बढ़त दिला दी है। रहाणे की यह कप्तानी पारी उस समय आई जब भारत, आस्ट्रेलिया के पहली पारी के स्कोर 195 रनों के जवाब में तीन विकेट 64 रनों पर ही खो चुकी थी। रहाणे ने यहां से विकेट पर पैर जमाने शुरू किए और छोटी-छोटी साझेदारियां कर भारत को आस्ट्रेलिया के स्कोर से पार भी ले गए और अच्छी बढ़त भी दिला दी।

भारत हो लंच से पहले दो झटके
भारत ने दिन की शुरुआत एक विकेट के नुकसान पर 36 रनों के साथ की थी। पदार्पण कर रह शुभमन गिल ने अपने पहले दिन के स्कोर 28 रनों से आगे खेलना शुरू किया और अर्धशतक की तरफ बढऩे लगे। 45 के निजी स्कोर पर पैट कमिंस की गेंद गिल के बल्ले को छूती हुई विकेटकीपर और कप्तान टिम पेन के दस्तानों में जा समाई। गिल का डेब्यू मैच में अर्धशतक जमाने का सपना 65 गेंद खेलने के बाद टूट गया। अपनी पारी में इस युवा बल्लेबाज ने आठ चौके मारे। कमिंस का अगला शिकार बने चेतेश्वर पुजारा जिन्होंने 70 गेंदें खेली और एक चौके की मदद से 17 रन बनाए। पुजारा के जाने के बाद भारत का स्कोर 64 पर तीन विकेट था।

रहाणे और विहारी ने साझेदारी
रहाणे और हनुमा विहारी ने फिर भारत की पारी को संवारने का जिम्मा उठाया। दोनों बल्लेबाज अच्छी तरह खेल रहे थे। लॉयन अपनी ऑफ स्पिन से परेशान तो कर रहे थे लेकिन रहाणे और विहारी हल्के हाथों से आगे पैर निकाल कर उनकी गेंदों को बढिय़ा तरीके से खेल रहे थे। इसी बीच विहारी ने लॉयन पर आक्रमण करने की कोशिश में स्वीप शॉट खेला। गेंद ने अतिरिक्त उछाल ली और विहारी के ग्ल्व्ज से टकरा कर स्टीव स्मिथ के हाथों में चली गई। विहारी ने 66 गेंदों पर दो चौकों की सहायता से 21 रन बनाए। दोनों ने 57 रनों की साझेदारी की।

ऋषभ पंत ने दिखाई तेजी
ऋषभ पंत ने थोड़ी तेज बल्लेबाजी की और रहाणे के साथ 52 रनों की साझेदारी की। मिशेल स्टार्क की गेंद पर पेन ने पंत का कैच ले कर उनकी 40 गेंदों पर 29 रनों की पारी का अंत कर दिया। पंत के बाद आए जडेजा ने रहाणे के साथ अभी तक इस मैच की सबसे अहम और सबसे बड़ी साझेदारी की। इस बीच रहाणे ने अपना शतक पूरा किया। वह इस सीरीज में अभी तक शतक जमाने वाले पहले बल्लेबाज हैं। रहाणे और जडेजा ने तीसरे सत्र में आसानी से बल्लेबाजी की और आस्ट्रेलियाई गेंदबाजों को ज्यादा मौके नहीं दिए।

रहाणे और जड़ेजा की 104 रन की साझेदारी
रहाणे और जडेजा ने अभी तक छठे विकेट के लिए 104 रनों की साझेदारी कर ली है। रहाणे ने अपनी शतकीय पारी में अभी तक 200 गेंदों का सामना करते हुए 12 चौके लगाए हैं जबकि जडेजा ने 104 गेंदों का सामना कर एक ही चौका मारा है। आस्ट्रेलिया के लिए स्टार्क और कमिंस ने दो-दो सफलताएं अर्जित कीं। लॉयन ने एक विकेट लिया। रहाणे ने ऑस्ट्रेलिया को कम स्कोर पर समेटने में अपनी कप्तानी से अहम योगदान दिया था। गेंदबाजों को सही समय पर बदलना और उनके लिए सटीक फील्डिंग सेट करने के उनके फैसलों की सभी ने तारीफ की थी।



from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3aSjySS

Comments

Popular posts from this blog

CWC2019: वर्ल्ड कप जीतना है तो आईपीएल की 'खुमारी' से बाहर आ जाओ टीम इंडिया

टीम में शामिल कराने के नाम पर युवा क्रिकेटर्स के साथ हो रही धोखाधड़ी

लीस्टर सिटी 131 साल में घर के बाहर सबसे बड़ी जीत दर्ज करने वाली टीम